हिन्दुस्तान मिरर न्यूज़: 6 मई : 2025,
होटल में सुबह 8:40 बजे से ठहरे थे दोनों, शाम को दोस्त के पहुंचने पर खुला आत्महत्या का राज, होटल संचालक हिरासत में
अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रोरावर थाना क्षेत्र के खेरेश्वर चौराहा स्थित ‘होटल द रॉयल रेस्पाइट’ में सोमवार शाम शिक्षक और उसकी नाबालिग प्रेमिका का शव मिला। दोनों ने ज़हर खाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह से होटल में थे ठहरे, शाम को मिला शव
24 वर्षीय चंद्रभान, जो कि बन्नादेवी क्षेत्र के ज्वालाजीपुरम का निवासी था और एक स्कूल में शिक्षक था, अपने ही स्कूल की 14 वर्षीय नौवीं कक्षा की छात्रा को लेकर सुबह 8:40 बजे होटल पहुंचा था। शाम करीब 6 बजे जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तब दिल्ली में रहने वाले एक दोस्त की सूचना पर उसका साथी होटल पहुंचा और दूसरी चाबी से कमरा खोला गया।
प्रेम संबंधों पर पारिवारिक बंदिश बनी आत्महत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, चंद्रभान और छात्रा के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध थे। जब परिवार को इस रिश्ते का पता चला, तो लड़की की कोचिंग छुड़वा दी गई और मिलने-जुलने पर रोक लगा दी गई। इसी बात से परेशान होकर दोनों ने यह कदम उठाया।
दिल्ली वाले दोस्त को किया था आखिरी कॉल
युवक ने आत्महत्या से पहले दिल्ली में रहने वाले अपने एक मित्र को फोन करके कहा कि वह बहुत परेशान है और कुछ भी कर सकता है। दोस्त ने जब यह बात समझी, तो तुरंत अलीगढ़ में अपने एक परिचित को होटल भेजा, जहां दोनों के शव मिले।
होटल में लिया गया था मुस्कान नाम से कमरा
होटल की एंट्री में पाया गया कि युवक ने अपनी असली आईडी दी थी, मगर किशोरी की फर्जी आईडी ‘मुस्कान राणा’ के नाम से लगाई गई थी, जिसमें जन्मतिथि 2002 अंकित थी। होटल संचालक ने इस पर गौर नहीं किया और कमरा दे दिया। दोनों ने बताया था कि वे मंगेतर हैं और कुछ समय के लिए रुके हैं। इस लापरवाही के चलते पुलिस ने होटल संचालक को हिरासत में लिया है।
सल्फास की गोलियां, पानी और गिलास मिले कमरे में
पुलिस जांच में कमरे से सल्फास की गोलियों के रेपर, पानी से भरा जग और खाली गिलास बरामद हुए हैं। बिस्तर पर छात्रा और फर्श पर युवक का शव पड़ा था। कमरे में स्कूल बैग भी मिला है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट करेगी पुष्टि
अब इस पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगी। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं जहर खाने से पहले उनके बीच कोई विवाद या मारपीट तो नहीं हुई थी।
होटलों पर होगी सख्त कार्रवाई
सीओ प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि अब खेरेश्वर क्षेत्र के सभी होटलों की सघन जांच कराई जाएगी। होटल रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और आईडी सत्यापन प्रक्रिया की गहनता से पड़ताल की जाएगी।

















